छछरौली। बरौली माजरा की पंचायती भूमि से जबरन पेड़ काटने का मामले में सरपंच ने कार्रवाई के लिए बीडीसी और छछरौली को पत्र लिखा है। बीडीपीओ छछरौली की तरफ से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए थाने में शिकायत दी गई है।
बीडीपीओ छछरौली कार्तिक चौहान ने बताया कि बरौली माजरा सरपंच की ओर से सूचना मिली है कि बरौली माजरा की पंचायती भूमि में लगे जमोआ के साठ साल पुराने कीमती पेड़ काट लिए गए हैं। सरपंच ने डमौली माजरा निवासी गुरदयाल, पपला व कोट निवासी दिलशाद व टाटी पर इसका आरोप लगाया है। पंचायती भूमि से पेड़ काटने के मामले को लेकर बीडीपीओ कार्यालय की तरफ से कार्रवाई के लिए थाने में शिकायत दे दी गई है। सरपंच ने बताया कि आरोपियों को पेड़ काटने से रोका तो वे मारपीट करने लगे। पंचायती भूमि से पेड़ काटने के मामले में एफआईआर दर्ज करने के लिए शिकायत छछरौली थाना में दे दी गई है।
थाना प्रभारी छछरौली रोहताश ने बताया कि बीडीपीओ कार्यालय से पंचायती भूमि से पेड़ काटने की शिकायत मिली है। आरोपियों का कहना है कि उन्होंने निजी जमीन से पेड़ काटे हैं। पंचायत व आरोपियों को निशान देही के लिए बोला गया है। यदि पंचायत भूमि से पेड़ काटे गए हैं तो कार्रवाई की जाएगी।