संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अंधड़ व बारिश की वजह से सोमवार को कई गिर गए। पेड़ों के गिरने से कई जगह बिजली की तारें टूट गई। जिस वजह से घंटों बत्ती गुल रही और लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बारिश से पॉश क्षेत्र की सड़कों व निचले इलाकों की गलियों में जलभराव हुआ। कॉलोनियों के सैकड़ों घरों में भी बारिश का पानी घुस गया।
नींद से जागे लोग भी जलभराव की स्थिति देखकर दंग रह गए। कई इलाकों में सुबह तक बारिश का पानी नहीं उतर पाया, वहीं पानी उतरने बाद भी गलियों-सड़कों पर दिनभर कीचड़ रहा। कीचड़ ने भी आवाजाही के दौरान लोगों की आफत बढ़ा दी। जगाधरी में 32 व रादौर खंड में 28 एमएम बारिश दर्ज हुई। इससे गर्मी से लोगों को कुछ राहत मिली, पर जलभराव व कीचड़ जैसी परेशानी से भी दो चार होना पड़ा।
खुद ही जूझते रहे लोग
बारिश से लाजपत नगर, विजय कॉलोनी, जसवंत कॉलोनी, दशमेश कॉलोनी, आजादनगर जैसे शहर के विभिन्न इलाकों में सोमवार तड़के चार बजे गलियों में एक से डेढ़ फीट तक जलभराव हुआ। यहां सैकड़ों घरों में भी बारिश का पानी घुस गया। यहां के निवासी व दुकानदारों में विकास जैन, रमन शर्मा, अनिल, सतेंद्र, राहुल ने कहा कि जलभराव से बचाव के कई बड़े-बड़े दावे किए गए मगर हालात खराब ही दिखे। लोगों ने नींद से जाग घरों में घुसे बारिश के पानी को बाहर निकाला। पानी उतरने के बाद लोग खुद ही अपने घरों के बाहर कीचड़ व नालियां साफ करने में जुटे रहे। निगम सफाई कर्मचारियों की कोई टीमें नजर नहीं आईं जबकि कहा जा रहा था जलभराव के दौरान निगम की टीमें सक्रिय रहेंगी। इसके अलावा सेक्टर-17 की मार्केट व रिहायशी क्षेत्र, लघु सचिवालय परिसर, तिलकनगर, लालद्वारा रोड, खालसा कॉलेज रोड, जगाधरी-पांवटा हाईवे व पुराने एनएच सहित कई पॉश क्षेत्र व कॉलोनियों में दोपहर तक जलभराव रहा।
निवर्तमान पार्षदों में रामआसरा भारद्वाज, विनोद मरवाह ने कहा कि मानसून की पहली बारिश में ही अफसरों द्वारा किए जल निकासी के दावे डूब गए। अभी 32 एमएम बारिश ही हुई है, उसमें भी पॉश क्षेत्र से निचले इलाकों में जलभराव व कई घरों में भी पानी भर गया। आगे मानसून में अधिक बारिश होने पर हालात और बिगड़ सकते हैं। बड़ी वजह नालों-नालियों व सीवर की सही सफाई न होना है। अभी भी जगाधरी मछली बाजार समीप, सेक्टर-17 कुष्ठ आश्रम समीप, रामपुरा रोड समीप सहित ज्यादातर नाले गंदगी से जाम हैं। यही हाल नालियों व सीवर का हाल है।
कीचड़ से नालियों व ड्रेन के चैंबर बंद, कैसे होगी जल निकासी?
गलियों-सड़कों किनारे बनी अंडरग्राउंड नालियों व ड्रेन के चैंबर भी कीचड़ जमा हो गया। जिसे साफ न किया गया तो बारिश होने पर जल निकासी न होने पर गलियों-सड़कों पर जलभराव तय है। दशमेश कॉलोनी के राजकुमार, अनिल, बंटी, जयभगवान ने कहा कि जब से नालियां अंडरग्राउंड हुई, तब से इनकी सफाई नहीं हुई। अब बारिश आई तो नालियों की गंदगी चैंबर से बाहर आ गई। यही गंदगी कीचड़ के रूप में गलियों में फैल गई, जिससे नालियों के चैंबर भी बंद हो गए हैं। इससे बारिश होने पर नालियों में पानी नहीं जा पाएगा। इसलिए मांग है कि चैंबर से कीचड़ साफ किया जाए।
सेक्टर-17 में घरों व कारों पर गिरे पेड़
सेक्टर-17 के मकान नंबर-659 समीप सोमवार तड़के तूफान के साथ करीब आठ पेड़ गिरे गए। पेड़ों के नीचे तीन कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। कई घरों पर भी पेड़ व उनकी टहनियां गिरीं, जिससे घरों में रखे सामान को भी नुकसान हुआ। वार्ड से निवर्तमान पार्षद रामआसरा भारद्वाज ने कहा कि यही पेड़ अगर दिन के समय गिरते तो किसी की जान भी जा सकती थी। निवासी पेड़ों की छंटाई की मांग कर रहे हैं, पर सुनाई नहीं हो रही। सेक्टर-17 के अलावा अन्य कई जगह पेड़ गिरने की खबर है। पेड़ गिरने सहित अन्य फॉल्ट से कई क्षेत्रों में तड़के में घंटों तक बिजली आपूर्ति भी बंद रही। इससे बारिश के बाद उमस भरी गर्मी में लोग परेशान हुए।