Trauma to Panchkula Free Transportation Service for MRI
- फोटो : Yamuna Nagar
यमुनानगर। जिले के मरीजों को एमआरआई की सुविधा मुहैया कराने के लिए ट्रॉमा सेंटर से पंचकूला के लिए परिवहन सेवा चलाई गई है, क्योंकि जिले में सरकारी स्तर पर एमआरआई की सुविधा नहीं है। अब परिवहन सेवा से पंचकुला सेक्टर-6 के सिविल अस्पताल में एमआरआई कराने के लिए मरीजों का आना-जाना सुगम होगा। इस बारे में ट्रॉमा में सीटी स्कैन सेंटर चला रही मनीपाल हेल्थ मैप के मैनेजर मंदीप सिंह सरदेहड़ी ने बताया कि पंचकूला सिविल अस्पताल में एमआरआई और वहां आने-जाने के लिए परिवहन सेवा बीपीएल, दिव्यांग, एससी, सरकारी कर्मी व आरएसए (रोड साइड एक्सिडेंट) श्रेणी के लिए निशुल्क है। इसके अलावा इन श्रेणी के लिए लोगों के लिए ट्रॉमा सेंटर में सीटी स्कैन भी फ्री है लेकिन इन निशुल्क सुविधाओं का लाभ लेने के लिए सभी श्रेणी के लोगों को आधार कार्ड की प्रति लेकर आना जरूरी है। इसके अलावा बीपीएल के लिए अपने राशन कार्ड, हरियाणा के सरकारी कर्मी के लिए अपने आईकार्ड, एससी श्रेणी को अपने एससी सर्टिफिकेट व दिव्यांग को अपने दिव्यांगता के सर्टिफिकेट की प्रति लेकर आना होगा।