ट्रालियों के टायर चोरी करने वाले दो आरोपियों को डिटेक्टिव स्टाफ की टीम ने गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने तीन वारदातों को खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज जयपाल आर्य ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि ट्रक अड्डे व खान चंद चौक के पास दो युवक चोरी की फिराक में घूम रहा है। सूचना के आधार पर सब इंस्पेक्टर सुखविंद्र सिंह व एएसआई धर्मपाल की दो अलग अलग टीमों का गठन किया गया। दोनों टीमों ने मौके पर दबिश देकर दोनों युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान पोबारी निवासी गुलशेर उर्फ काला व उत्तर प्रदेश के गांव बजीरपुर निवासी जयकुमार के नाम से हुई। आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो उन्होंने तीन वारदातों का खुलासा किया। इंचार्ज जयपाल आर्य ने बताया कि आरोपियों ने 14 अगस्त को कलानौर बाईपास के पास खड़ी ट्राली से रात के समय टायर चोरी कर लिए और ट्रॉली को ईंटों पर खड़ी कर फरार हो गए थे। इसके अलावा 20 अगस्त को मंडौली गांव से भी रात के समय उन्होंने ट्राली को ईंटों पर खड़ी कर टायर चोरी कर ले गए थे। 25 जुलाई को आरोपियों ने सहारनपुर रोड स्थित गोयल फैक्टरी के बाहर से भी इसी तरह ट्राली के टायर चोरी किए थे। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने तीनों वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है।