यमुनानगर। किसानों के रेल रोको आंदोलन का जिले के रेल यातायात पर व्यापक असर दिखाई दे रहा है। आंदोलन के चलते रेलवे ने कई गाड़ियों रद्द कर दिया है, जबकि कई अन्य ट्रेनों को रूट बदलकर चलाया जा रहा है। आंदोलन के चलते रेलवे को राजस्व का भारी नुकसान हो रहा है, दूसरी तरफ यात्रियों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
यात्रियों का कहना है कि किसान आंदोलन के कारण उनकी ट्रेन अंबाला से आगे नहीं जा रही है और उन्हें बीच में ही उतरना पड़ रहा है। राजकुमार, प्रदीप कुमार, सतेंद्र, नितिन, निशांत, शुभम, ममता, रजनी ने बताया कि उन्हें अमृतसर जाना था, लेकिन ट्रेनों की स्थिति के कारण उन्होंने ट्रेन से जाने का अपना कार्यक्रम स्थगित कर दिया है। उनके पास अब केवल सड़क मार्ग से जाने का विकल्प शेष है। ट्रेनों के अचानक रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। सबसे ज्यादा परेशानी बीच रास्ते में उतरने वाले यात्रियों, विशेषकर महिलाओंं व बच्चों के साथ सफर करने वाले लोगों को हो रही है।
ये ट्रेनें पूर्ण व आंशिक रद्द, इनका बदला रूट
रेलवे ने आंदोलन के कारण अमृतसर मुम्बई सेंट्रल गाड़ी संख्या 12904 स्वर्ण मंदिर मेल आंशिक रूप से रद्द कर दी है। रेलवे इस ट्रेन का संचालन दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से करेगा। जबकि अमृतसर से हजरत निजामुद्दीन के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी। शुक्रवार को यह ट्रेन यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर नहीं आएगी। इसी तरह बाड़मेर से जम्मूतवी जाने वाली गाड़ी संख्या 14662 शालीमार एक्सप्रेस भी रद्द की गई है। यह ट्रेन दिल्ली से बाड़मेर के बीच चलाई जाएगी। जबकि जम्मूतवी से दिल्ली के बीच रद्द रहेगी। यह ट्रेन भी शुक्रवार को यमुनानगर जगाधरी नहीं आएगी। यह दोनों गाड़ियां यमुनानगर जगाधरी स्टेशन पर रद्द रहेंगी। इसके अलावा अमृतसर से दरभंगा जाने वाली गाड़ी संख्या 15212 जननायक एक्सप्रेस का संचालन अंबाला से किया जाएगा। अंबाला से अमृतसर के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी। अमृतसर बिलासपुर गाड़ी संख्या 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का संचालन वाया चंडीगढ़ किया जाएगा। वहीं अमृतसर हावड़ा गाड़ी संख्या 13006 हावड़ा मेल वाया चंडीगढ़ चलाई जाएगी। इसके अलावा फिरोजपुर धनबाद गाड़ी संख्या 13308 गंगा सतलुज एक्सप्रेस का संचालन भी वाया चंडीगढ़ किया जाएगा। जबकि बाड़मेर से ऋषिकेश जाने वाली गाड़ी संख्या 14888 बाड़मेर ऋषिकेश एक्सप्रेस शनिवार को पूर्ण रूप से रद्द रहेगी।
आंदोलन के चलते कई गाड़ियां पूर्ण व आंशिक रूप से रद्द करनी पड़ी हैं। वहीं कई ट्रेनों का रूट बदलकर संचालन किया जा रहा है। यात्रियों को हो रही असुविधा का रेलवे को खेद है। रेलवे का निर्णय यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा को देखकर ही लिया जा रहा है।
एनके झा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक।