यमुनानगर। पुराने सहारनपुर हाईवे पर सड़क के किनारे खड़े लकड़ी से भरे ट्राले वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। ट्रालों के सड़क किनारे खड़े रहने के कारण मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
कलानौर की ओर से शहर में आने वाले वाहन चालकों को रोजाना जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि कई बार वाहनों की कतार करीब दो किलोमीटर तक पहुंच जाती है और वाहन रेंगकर चलने को मजबूर होते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार पुराने सहारनपुर रोड पर लक्कड़ से भरे ट्राले बड़ी संख्या में सड़क के किनारे खड़े रहते हैं। सड़क की चौड़ाई सीमित होने के कारण ट्रालों के खड़े रहने से वाहनों के निकलने के लिए कम जगह बचती है। ऐसे में आमने-सामने से आने वाले वाहनों के कारण यातायात धीमा हो जाता है। कुछ समय बाद वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम की स्थिति बन जाती है। वाहन चालकों का कहना है कि सुबह और शाम के समय सड़क पर यातायात का दबाव अधिक रहता है। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े ट्राले परेशानी बढ़ा देते हैं। जाम में फंसने के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लग रहा है। दोपहिया वाहन चालक भी वाहनों के बीच से निकलने का प्रयास करते हैं, जिससे हादसे का खतरा रहता है।
विज्ञापन
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और यातायात पुलिस से सड़क किनारे खड़े ट्रालों पर कार्रवाई करने की मांग की है।लोगों का कहना है कि ट्रालों को निर्धारित स्थान पर खड़ा कराया जाए, ताकि मुख्य सड़क पर यातायात बाधित न हो। यदि समय रहते व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो आने वाले दिनों में समस्या और गंभीर हो सकती है। प्रशासन को लोगों की परेशानी को देखते हुए सस्या स ेनिजात दिलानी चाहिए।
लकड़ी मंडी संचालकों के साथ पूर्व में भी बैठक करके ट्रालों को सड़क पर खड़ा नहीं कराने के निर्देश दिए गए थे। समस्या से राहत के लिए अभियान चलाकर सड़क के किनारे खड़े पाए जाने वालों ट्रालों पर चालान की कार्रवाई की जाएगी। - संदीप कुमार, यातायात प्रभारी यमुननागर।