संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डेढ़ साल की जद्दोजहद के बाद शहर के प्रमुख चौक पर यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक कंट्रोल लाइटें लगाने का काम शुक्रवार से शुरू हो गया। ठेका लेने वाली एजेंसी ने कन्हैया साहिब चौक और पंचायत भवन के पास शहीद उधम सिंह चौक पर क्रेन की मदद से ट्रैफिक लाइटों के पोल लगा दिए। जल्द ही पोल पर लाइटें लगा दी जाएंगी।
सबसे पहले शहीद भगत सिंह चौक, कन्हैया साहिब चौक व ट्रैफिक पार्क चौक पर लाइट लगाई जानी हैं। इनमें सबसे जरूरी विश्वकर्मा चौक है, क्योंकि यह चौक उत्तर प्रदेश व दिल्ली रूट पर है। यहां से हजारों की संख्या में वाहन आते-जाते हैं। सबसे ज्यादा हादसे भी इसी इलाके में होते हैं।
करीब 50 लाख रुपये से शहर में पांच प्वाइंटों पर नई ट्रैफिक लाइट लगाई जानी है। इसमें विश्वकर्मा चौक, ट्रैफिक पार्क चौक, कन्हैया साहिब चौक, शहीद उधम सिंह चौक (पंचायत भवन चौक) व गुलाब नगर चौक जगाधरी पर ट्रैफिक लाइट लगाई जानी है। सड़क सुरक्षा कमेटी की हर बैठक में खराब ट्रैफिक लाइटों का मुद्दा उठता रहा है।
पुलिस के साथ-साथ जिला परिवहन कार्यालय की ओर से भी यह मुद्दा बैठक के एजेंडे में शामिल किया जाता है। हर बार एजेंसी द्वारा शर्तों को पूरा नहीं किया जाने की बात कही जाती रही। करीब डेढ़ साल से ट्रैफिक लाइटें लगाने का मामला अधर में लटका हुआ था। कई बार टेंडर लगाने के बाद अब लाइटें लगाने का काम शुरू हो पाया है।
शहर के किसी भी चौक की ट्रैफिक लाइट ठीक से काम नहीं कर रही है। ऐसे में कर्मचारियों को मैन्युअल तरीके से यातायात कंट्रोल करना पड़ रहा है। इसके लिए यातायात पुलिस की ओर से नगर निगम को लाइट ठीक करवाने के लिए पत्र लिखा गया, लेकिन अभी इस पर कार्रवाई नहीं हो पाई। लाइटों के खराब होने पर यातायात करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने होमगार्ड के जवान लगाए हैं।