जगाधरी। उद्योग व्यापार मंडल हरियाणा का प्रतिनिधिमंडल बुधवार को डीसी व एसपी से मिला। इस दौरान मंडल की ओर से डीसी पार्थ गुप्ता को ज्ञापन दिया गया। जिसमें जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त करने की मांग की। इसके बाद व्यापारी एसपी कमलदीप गोयल से मिले। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र मित्तल व कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष संजय मित्तल ने किया। इस दौरान एसपी से व्यापारियों की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की।
महेंद्र मित्तल ने कहा कि आए दिन अपराध बढ़ रहे हैं। जिससे व्यापारियों में भय व्याप्त है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को उनकी सुरक्षा के लिए हथियार रखने का लाइसेंस दिया जाए। उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन चौक, नगर निगम कार्यालय, जगाधरी रोड, मीराबाई बाजार, वर्कशाॅप रोड, आईटीआई रोड सहित छोटी लाइन पर अव्यवस्थित वाहन पार्किंग से जाम से छुटकारा दिलाया जाए। इसका स्थायी समाधान किया जाए। स्कूल व काॅलेज जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंधन करने की मांग की।
मीराबाई बाजार के नरेश सागर ने बताया कि दोपहर से शाम शहर के व्यस्ततम बाजारों में भारी भीड़ रहने से अपराध बढ़ रहे हैं। महिलाओं के साथ अब युवा भी बाजार आने से कतरा रहे हैं। अब तो नगर निगम के तीनों कार्यालय, आईटीआई रोड व डीसी कार्यालय रोड पर भी दिन ढलते ही भीड़ से रास्ता भयंकर संकरा हो जाता है और यातायात बाधित होता है। इस पर एसपी ने थाना प्रभारियों को इसे लेकर आदेश दिए और उपद्रव्य व परेशानी उत्पन्न करने वाले लोगों पर कार्रवाई करने के आदेश दिए। वहीं, मंडल ने डीसी से पार्थ गुप्ता से जिले के बाजारों का औचक निरीक्षण करें। जिससे बाजारों की परेशानी का समाधान हो पाएगा।
इस दौरान पूर्व पार्षद विजय सेठी, मीना बाजार प्रधान नरेश सागर, दीपक वर्मा, विशाल वर्मा, प्रदेश प्रभारी संदीप, हर्षित कांबोज, सुखविंद्र, विपिन, यशपाल सिंह, बलराम मिड्डा, पारस राणा सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।