जांच के लिए खनन सामग्री से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली रोकने पर चालक ने ट्रैक्टर ट्रॉली से अधिकारी पर टक्कर मार दी। ओवरलोडेड ट्रैक्टर ट्राॅली का पहिया पीठ पर लगने से खनन विभाग का अधिकारी बुरी तरह घायल हो गया। मामला बूड़िया थाना क्षेत्र का है। शोर सुनकर ग्रामीण पहुंच गए, जिस पर चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने खनन विभाग की शिकायत पर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। इसी तरह का एक मामला थाना छछरौली क्षेत्र में हुआ। जहां खनन सामग्री से ओवरलोडेड ट्रक का मालिक अपने 15-20 लोगों के साथ मिलकर जब्त किया वाहन छीनकर ले गया। खनन अधिकारियों ने यह ट्रक छछरौली में नाका लगाकर जांच के लिए रोका था। जो ओवरलोडेड मिला तो अधिकारियों ने इसे जब्त कर लिया था। छछरौली पुलिस ने भी इस मामले में मालिक, चालक व अन्यों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
बता दें कि खनन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी बूड़िया थाना क्षेत्र में नाके पर ड्यूटी दे रहे थे। इस दौरान अधिकारियों ने एक ट्रैक्टर ट्राॅली जांच के लिए रोकी और चालक से ई-रवाना दिखाने को कहा। इस पर चालक भड़क गया और उसने ट्रैक्टर ट्राॅली से खनन अधिकारी को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर का एक टायर खनन अधिकारी की पीठ पर लगा और वह बुरी तरह घायल हो गया। मौके पर क्षेत्र वासियों के जमा होने पर चालक ट्रैक्टर ट्राॅली छोड़कर फरार हो गया। अधिकारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों मामलों में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं।
दूसरा मामला थाना छछरौली क्षेत्र का है। छछरौली में नाका लगाकर अधिकारी व कर्मचारी जांच कर रहे थे। तभी खनन सामग्री से भरा ट्रक पहुंचा। जब ट्रक की जांच की गई तो ट्रक में सामग्री ओवरलोड मिली। ट्रक में नौ टन खनन सामग्री भरी हुई थी। अधिकारियों ने ट्रक जब्त करने को कहा तो ट्रक मालिक अपने 15-20 लोगों के साथ वहां पहुंच गया। उन लोगों ने दबंगई दिखाते हुए ओवरलोडेड ट्रक वहां से निकलवा दिया। अधिकारियों ने कुछ दूर तक पीछा किया गया, चालक ट्रक सहित फरार हो गया।