संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर/यमुनानगर। शादी समारोह में दो बाइकों पर परिवार सहित जा रहे दो भाइयों को अराइयांवाला के नजदीक ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में आठ साल के बच्चे की मौत हो गई और उसके माता, पिता, चाचा, चाची व दो साल का चचेरा भाई घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
खिल्लांवाला निवासी वाजिद ने बताया कि वीरवार को उनकी रिश्तेदारी में उत्तर प्रदेश के कुवासपुर गांव में शादी थी। शादी में शामिल होने के लिए वीरवार सुबह वह और उसका भाई जाहिद परिवार सहित बाइकों पर जा रहे थे। उसके साथ बाइक पर उसके भाई राशीद की पत्नी रुकसानी उर्फ रुक्को और राशीद का दो साल का बेटा अमीर सवार थे।
दूसरी बाइक पर उसका दूसरा भाई जाहीद, उसकी पत्नी नसरत उर्फ रीना व उनका आठ साल का बेटा आनिश थे। उसका भाई जाहीद उसके आगे आगे चल रहा था और उसके पीछे वह चल रहा था। करीब सवा 11 बजे जब वह जगाधरी-पांवटा साहिब नेशनल हाईवे-73ए पर अराइयांवाला गांव के नजदीक पहुंचा तो पीछे से तेज गति से ईंटों से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली आई। आरोप है कि चालक ने लापरवाही से चलाते हुए उनकी बाइक में साइड मार दी।
इससे वह, उसकी भाभी रुकसाना और दो साल का लड़का अमीर बाइक समेत सड़क पर गिरकर घायल हो गए। उसके देखते ही देखते आरोपी ट्रैक्टर चालक ने टक्कर आगे चल रहे उसकी भाई जाहिद की बाइक में मार दी।
टक्कर लगने से उसका भाई जाहिद, पत्नी नुसरत व उनका आठ साल का बेटा आनिश सड़क पर दूर तक घसीटते हुए चले गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई और वे तीनों बेहोश हो गए। आनिश के सिर में काफी चोट लगी हुई थी। हादसे के बाद आरोपी चालक भाग गया। लोगों की भीड़ मौके पर लग गई। आसपास के लोगों ने हादसे में घायल हुए जाहिद, नुसरत, आनिश, रुकसाना, अमीर व वाजिद को सिविल अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने आठ वर्षीय आनिश को मृत घोषित कर दिया। जाहिद व उसकी पत्नी नुसरत को पीजीआई रेफर कर दिया। हादसे में घायल वाजीद, रुकसाना व अमीर को अस्पताल में उपचार दिया गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। प्रतापनगर थाना पुलिस ने आरोपी चालक पर केस दर्ज कर लिया है।