संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। कई दिन की भयंकर लू के बाद वीरवार को गर्मी से काफी राहत रही। दिनभर चली हवा ने गर्मी का ज्यादा अहसास नहीं होने दिया। वीरवार को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। इस दौरान 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चली।
इससे पहले तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम विभाग ने पांच दिन गर्मी से राहत मिलने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में भी कमी आएगी और यह 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तापमान कम होने के साथ 12 से 15 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। विशेषज्ञों के अनुसार शुक्रवार से मंगलवार तक मौसम खुशनुमा बना रहेगा।
शुक्रवार व शनिवार को जिले में आसमान पर काले बादल छाने रहने की पूर्वानुमान है। रविवार को हल्की बूंदाबांदी व बारिश होने की संभावना है। इसके बाद सोमवार व मंगलवार को भी बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में कमी आएगी। विभाग के अनुसार यदि बारिश होती है तो पूरे सप्ताह मौसम खुशगवार बना रहेगा। बुधवार व वीरवार को भी तापमान पूर्व के दिनों से कम रहने की संभावना है।