संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। आधुनिक एवं मार्डन यमुनानगर जगाधरी रेलवे स्टेशन पर सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में रेलवे ने प्लेटफार्म नंबर एक पर शौचालय बनाया है। इसका सबसे ज्यादा फायदा महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों व बीमार लोगों को होगा। स्टेशन पर यह सुविधा अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत उपलब्ध करवाई गई है।
इससे पहले प्लेटफार्म पर यह सुविधा नहीं थी। रेलवे परिसर में शौचालय आरपीएफ थाने के पीछे बाहर की तरफ बिल्कुल कोने पर बना है। ऐसे में यात्रियों प्लेटफार्म से सीढि़यां चढ़कर, प्रचीक्षालय व मुख्य निकास से होते हुए पूरा स्टेशन परिसर पार कर शौचालय जाना पड़ता था। इससे यात्रियों को भारी परेशानी होती थी। यही नहीं कई बार तो यात्रियों की ट्रेन छूटने की नौबत आ जाती थी।
परंतु अब लोगों को यह सुविधा प्लेटफार्म पर मुहैया हो गई है। रेलवे की ओर से प्लेटफार्म एक पर पैदल पुल के नीचे स्टेशन मास्टर कार्यालय की तरफ मॉर्डन शौचालय बनवाया है। यही नहीं यात्रियों को शौचालय के साथ स्नानघर व मूत्रालय की सुविधा भी यही मिलेगी। पहले महिला यात्रियों को शौच के लिए रात को स्टेशन परिसर के बाहर की तरफ जाना पड़ता था। इससे उन्हें दिक्कत होती थी।
तीन साल के लिए दिया ठेका : यात्रियों को साफ-सुथरा शौचालय मिले, इसके लिए रेलवे ने शाहबाद कुरुक्षेत्र की कंपनी को ठेका दिया है। इस शौचालय के इस्तेमाल के लिए यात्रियों को शुल्क देना होगा। अधिकारियों का कहना है कि यह शुल्क मात्र शौचालय के रख-रखाव व अन्य जरूरतें पूरी करने के लिए रखा गया है। लोगों को शौचालय के पांच और स्नानघर घर के लिए 10 रुपये शुल्क देना होगा। मूत्रालय के लिए कोई शुल्क नहीं रखा गया है। इसमें शौचालय भारतीय व अंग्रेजी दोनों पद्धति की सीट लगाई गई हैं। रेलवे ने कंपनी को इसका तीन साल के लिए ठेका दिया है।