संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। निकाय चुनाव में नामांकन के लिए सोमवार को आखिरी दिन है। नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी के मेयर व पार्षद पदों के लिए प्रमुख दलों में भाजपा व कांग्रेस से शनिवार तक एक भी नामांकन नहीं था। रविवार की छुट्टी के चलते भाजपा, कांग्रेस व अन्य दलों से या आजाद प्रत्याशी नामांकन कर पाए, जो आज आखिरी दिन नामांकन के लिए अपने एआरओ के पास जुटेंगे।
आज सुबह से दोपहर तक नामांकन प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक सरगर्मी भी खूब बढ़ने वाली है। चूंकि न केवल अपने दलों से प्रत्याशी बनाए उम्मीदवार नामांकन करेंगे बल्कि कई अपने दलों से टिकट न मिलने पर आजाद उम्मीदवार के तौर पर नामांकन कर सकते हैं, ऐसी चर्चाएं हैं।
अब देखना है कि आज नामांकन के आखिरी दिन मेयर व पार्षद पदों के लिए टिकट न मिलने के बावजूद कितने दावेदार अपने दलों से जुड़े रहते हैं या फिर कोई अन्य दल से या आजाद उम्मीदवारी करता है, यह स्थिति आज दोपहर तक नामांकन प्रक्रिया में स्पष्ट हो जाएगी।
नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी से पार्षद पदों पर शनिवार को चार नामांकन आए थे, इनमें। पूर्व डिप्टी मेयर रामपाल की पुत्रवधु लाजपतनगर निवासी 32 वर्षीय शमा ने बतौर आजाद उम्मीदवार वार्ड 15 से नामांकन किया, वहीं पूर्व पार्षद नीरज राणा ने भी वार्ड 20 से आजाद उम्मीदवार पर्चा भरकर दिया। इसके अलावा 22 वर्षीय साहिल व 56 वर्षीय बलजीत सिंह ने अलग-अलग वार्डों से नाम दिए।
नगर पालिका रादौर में अब तक चेयरमैन पद पर दलीप सिंह का एक और पार्षद पदों पर कुल 17 लोगों के नामांकन हो गए हैं। इनमें वार्ड एक से अभिमन्यू व संदीप, वार्ड दो से ममता व जसप्रीत कौर, वार्ड तीन से गौरव चौहान, श्रीकांत व शिवकुमार, वार्ड पांच से नेहा, बबली व रजनेश कुमारी, वार्ड छह से अमित बठला, वार्ड सात से दलजीत कौर, वार्ड 11 से रितु, वार्ड 12 से कमलेश व वार्ड 14 से अंजना ने नामांकन किया था। इससे पहले शुक्रवार को वार्ड सात से सुनीता मक्कड़ ने नामांकन किया था।