यमुनानगर। जगाधरी की शिवपुरी कॉलोनी में शिक्षामंत्री आवास के सामने प्रॉपर्टी विवाद में टिंबर व्यापारी विकास गोयल (45) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव घर में बने फंदे पर लटका मिला। मृतक के पास से सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने अपने भाई बुड़िया निवासी विपिन गोयल पर प्रॉपर्टी में कम हिस्सा देने की बात लिखी है। चार दिन पहले ही उसका अपने भाई के साथ प्रॉपर्टी का बंटवारा हुआ था। पुलिस ने मृतक के पिता सुरेंद्र की शिकायत पर विपिन गोयल के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। बता दें कि उसका घर शिक्षा मंत्री कंवरपाल के आवास के सामने हैं।
बुड़िया निवासी सुरेंद्र ने बताया कि उसके बेटे विकास गोयल ने शिवपुरी कॉलोनी में अपना मकान बनाया हुआ था। परिवार में पत्नी व दो बच्चे हैं। चार दिन पहले उसके बेटे विकास गोयल का अपने भाई विपिन गोयल के साथ प्रापर्टी का बंटवारा हुआ था। आरोप है कि विपिन गोयल ने विकास गोयल को प्रॉपर्टी में कम हिस्सा दिया गया था। इसको लेकर उसने विरोध भी किया था, लेकिन बड़े भाई विपिन ने उसकी बात नहीं सुनी। जिस वजह से वह परेशान था। उसने अपनी पत्नी व दोनों बच्चों को दो दिन पहले ही गुरुग्राम मायके भेज दिया था। इस समय वह घर पर अकेले थे। शनिवार की सुबह जब विकास के दोस्त बंटी व मानिक उससे मिलने के लिए पहुंचे, तो वह कमरे में फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद ही परिवार को सूचना मिली। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। जांच में मृतक के पास से सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने प्रापर्टी से कम हिस्सा मिलने की बात लिखी है। बुड़िया गेट चौकी इंचार्ज गुरदयाल ने बताया कि मामले में मृतक के पिता सुरेंद्र के बयान पर विपिन गोयल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।