संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल के नवनिर्मित भवन से सोमवार को एक बार फिर दीवारों पर लगी टाइलें गिरने से एक बाइ क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे से कुछ मिनट पहले ही वहां बैठे मरीज व तीमारदार उठ कर गए थे, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। टाइलें गिरने की सूचना मिलते ही पीएमओ डॉ. दिव्या मंगला आदि ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। वहीं बाइक मालिक शिकायत देकर मुआवजे की मांग करने के अलावा अस्पताल में लगी निर्माण सामग्री की जांच की मांग उठाई।
जिला अस्पताल में टाइलें इस बार ब्लॉक-बी के भवन की दीवारों से गिरी हैं। दो दिन की छुट्टी के बाद सोमवार को अस्पताल में काफी भीड़ थी। सैकड़ों की संख्या में मरीज दवा लेने के लिए आए थे। मरीजों के साथ तीमारदार भी आते हैं। अंदर भीड़ होने के कारण कई बार लोग अस्पताल परिसर में खड़े हो जाते हैं। सोमवार दोपहर करीब एक बजे अचानक अस्पताल की दीवारों पर लगी टाइलें गिरने लगी। जो मरीज आसपास खड़े थे वह वहां से दूर भाग गए।
इससे पहले 13 मार्च को ब्लॉक-ए में ऑक्सीजन प्लांट के साथ टाइलें नर्सिंग ऑफिसर ज्योति हांडा की कार पर गिरी थी। किसी कार्रवाई से बचने के लिए पीडब्ल्यूडी ने रातोंरात दीवार पर दूसरी टाइलें लगवा दी थी। इसके बाद 26 मार्च को टाइलें गिरी थी। टाइलें गिरने से दीवार पर लगा सीसीटीवी कैमरा टूट गया था। ज्ञात हो कि प्रदेश सरकार ने 105 करोड़ रुपये से 200 बेड के 4 मंजिला अस्पताल का निर्माण कराया है।
बच्चे को दवा दिलाने आया था : नितेश
जठलाना निवासी नितेश सोमवार ने बताया कि वह अपनी पत्नी व बेटे नामिश के साथ अस्पताल आया था। नामिश को पीलिया हो गया है। वह बाइक को अस्पताल परिसर में खड़ी करके डॉक्टर के पास चेकअप कराने चला गया। जब वह वापस जाने लगा तो टाइलें उसकी बाइक पर गिरीं। जब टाइलें गिरी तो उससे कुछ मिनट पहले ही वहां पर कई मरीज व उनके तीमारदार बैठे थे।
मुख्यालय को पत्र लिखेंगे : पीएमओ
मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल की पीएमओ डॉ. दिव्या मंगला ने बताया कि यह तीसरी बार है जब अस्पताल में टाइलें गिरी हैं। दो बार तो वाहन ही क्षतिग्रस्त हो गए। ऐसे में किसी भी मरीज या उनके साथ आए लोगों को चोट भी लग सकती है। पीड़ित ने उन्हें शिकायत देकर मुआवजे की मांग की है। मुख्यालय को पत्र लिख कर इसकी जांच की मांग करेंगी।