संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। तेवर गांव की एक महिला ने अपने पति पर दहेज की मांग पूरी न होने पर तीन तलाक लिखकर देकर घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति जामनावाला गांव निवासी उसके पति इसरान, सास जीतो व चाचा ससुर वलीदीन के विरुद्ध केस दर्ज किया है।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 14 मार्च 2021 को उसका मुकलावा इसरान के साथ हुआ था। कुछ समय बाद ही दहेज में बाइक न लाने का ताना देते हुए उसके साथ मारपीट की जाने लगी। इस बारे में चाचा ससुर वलीदीन को शिकायत करने पर उसने भी अपशब्द बोलते हुए उनकी मांग पूरी न करने पर जान से मारने की धमकी दी। यही नहीं दिसंबर 2021 में गर्भवती होने पर मारपीट करके उसे घर से निकाल दिया।
इस बारे में कई बार पंचायत करने पर भी उनके व्यवहार में कोई परिवर्तन नहीं आया। इसरान ने 23 अगस्त को महिला के भाई को एक पर्ची थमाई। इस पर्ची पर इसरान ने महिला को तीन तलाक दिए जाने की बात लिखी थी। एसएचओ मेम सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत पर उसके पति इसरान, जीतो व वलीदीन के विरुद्ध मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण अधिनियम के अलावा मारपीट व दहेज उत्पीड़न की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।