हरियाणा राज्य परिवहन विभाग को निजीकरण करने के विरोध में बुधवार को आल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी के आह्वान पर रोडवेज की तीन यूनियनों के सदस्य वर्कशॉप स्थित यूनियन कार्यालय में इकट्ठे हुए। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के राज्य प्रधान हरिनारायण शर्मा ने की। जिसमें मांगों को लेकर 14 फरवरी को पानीपत में राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
आल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स ज्वाइंट एक्शन कमेटी के आह्वान पर आल हरियाणा रोडवेज वर्कर्स यूनियन, हरियाणा रोडवेज संयुक्त कर्मचारी संघ तथा हरियाणा रोडवेज स्टाफ संगठन के सदस्य बुधवार सुबह रोडवेज वर्कशाप स्थित यूनियन कार्यालय में एकत्रित हुए। अध्यक्षता तीनों यूनियनों के वरिष्ठ सदस्य हरिनारायण शर्मा, दलबीर किरमारा तथा बालू लाल यादव व सतेंद्र यादव ने की। बैठक में हरियाणा सरकार द्वारा राज्य परिवहन विभाग को निजी हाथों में देने का विरोध किया गया। इसके साथ ही कर्मचारियों की अन्य मांगों पर भी चर्चा की गई।
बैठक में 14 फरवरी को रोड धर्मशाला पानीपत में राज्य स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन करने का निर्णय लिया गया। जिसमें प्राइवेट बसें व चालक ठेके पर लेने के निर्णय के खिलाफ तथा रोडवेज कर्मचारियों की मानी गई मांगों को लागू न करने के विरोध में आंदोलन करने की घोषणा की जाएगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि सरकार ने किलोमीटर स्कीम के तहत प्राइवेट बसें चलाने का प्रयास किया गया तो उसी दिन प्रदेश में बसों का पहिया जाम कर दिया जाएगा। हरिनारायण शर्मा, दलबीर किरमारा व सतेंद्र यादव ने कहा कि उनकी मुख्य मांगों में प्राइवेट पॉलिसी को रद्द करना, रोडवेज बेड़े में आठ हजार नई बसें शामिल की जाए। कर्मचारियों की पक्की भर्ती की जाए। पदोन्नति की सूची जारी की जाए। इस अवसर पर रमेश सैनी, बलवान सिंह, सुरेश लाठर, यशपाल यादव, सुशील कुमार, ताराचंद, मनिंद्र सिंह आदि मौजूद थे।