संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जगाधरी के राजकीय स्कूल की तीन लापता छात्राओं को पुलिस ने पंजाब के लुधियाना से बरामद कर लिया है। तीनों छात्राएं सोमवार को घर से स्कूल जाने के लिए निकली थीं, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं लौटीं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार देर रात लुधियाना रेलवे पुलिस से परिजनों को कॉल आने के बाद उन्हें सुरक्षित वापस लाया गया।
एक कॉलोनी निवासी एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मेटल फैक्टरी में काम करती हैं और उनकी 12 वर्षीय बेटी जगाधरी के सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा की छात्रा है। सोमवार सुबह बेटी अपनी दो सहेलियों के साथ रोजाना की तरह स्कूल के लिए निकली थी, लेकिन शाम तक घर नहीं पहुंची। इसके बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दी।
जांच में सामने आया कि तीनों छात्राएं उस दिन स्कूल नहीं गई थीं। वे भगत सिंह पार्क के पास स्थित एक कैफे में पार्टी करने पहुंची थीं। इसके बाद तीनों बिना बताए रेलवे स्टेशन पहुंच गईं और बिना टिकट ट्रेन में सवार होकर अंबाला की ओर निकल पड़ीं। रास्ते में ट्रेन में सो जाने के कारण वे अंबाला के बजाय लुधियाना पहुंच गईं।
लुधियाना में टीटी ने बिना टिकट यात्रा करते हुए छात्राओं को पकड़ लिया और रेलवे पुलिस को सूचना दी। रेलवे पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय पुलिस टीम लुधियाना पहुंची और छात्राओं को वापस लेकर आए। शहर यमुनानगर थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि तीनों छात्राओं को सकुशल बरामद कर लिया गया है और उनके बयान दर्ज कर लिए गए हैं।