संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सीआईए-2 की टीम ने सचिन पंडित के गैंग के तीन गुर्गों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया। इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से एक दिन का पुलिस रिमांड मिला। रिमांड के दौरान हथियारों की सप्लाई, अन्य गैंग के सदस्य व संभावित वारदातों के बारे में पूछताछ होगी।
सीआईए-2 के इंचार्ज राकेश कुमार ने बताया कि सुढैल निवासी सचिन पंडित के खिलाफ हत्या करने व हत्या के प्रयास व लड़ाई-झगडे के काफी मुकदमे दर्ज हैं। सचिन पंडित ने विदेश में रहकर यमुनानगर में किसी से पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए दोबारा गैंग को सक्रिय किया है। टीम को सूचना मिली थी कि सचिन पंडित गैंग के सक्रिय सदस्य अवैध हथियारों के साथ बाइक पर यमुनानगर शहर में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में आजादनगर समीप पश्चिमी यमुना नहर पटरी पर घूम रहे हैं।
मौके पर पहुंची टीम को आजादनगर समीप शांति कॉलोनी की ओर से बाइक सवार बाडीमाजरा पुल की ओर आते दिखाई दिए। जब बाइक को रुकने का इशारा किया तो चालक एक दम से ब्रेक लगाकर बाइक को वापस मोड़ने लगा। बाइक सवार तीनों लोगों को मौके पर ही दबोच लिया गया। पूछताछ में उनकी पहचान छछरौली निवासी मोहम्मद कैफ, रोहित कुमार व अभिजीत सिंह के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर अभिजीत के कब्जे से एककट्टा व छह कारतूस बरामद हुए। रोहित के कब्जे से एक कट्टा व पांच कारतूस बरामद हुए। पूछताछ पर तीनों आरोपियों ने बताया कि वह तीनों सचिन पंडित गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और यह हथियार उन्होंने सचिन पंडित के कहने पर वारदातों को अंजाम देने के लिए लिये हैं। इन तीनों ने कुछ दिन पहले ही सचिन पंडित के कहने पर आजादनगर में फायरिंग कराने की वारदात को अंजाम दिया था।