रादौर। शहर के बापौली चौक के पास शनिवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में पिता-पुत्री समेत तीन लोग घायल हो गए। छात्रा को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गांव बापा निवासी बलजीत सिंह अपनी कॉलेज में पढ़ने वाली बेटी कुलजीत कौर को लेने रादौर आए थे। शाम करीब चार बजे दोनों बाइक पर गांव लौट रहे थे। सत्संग भवन के पास सामने से दूसरी बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दोनों बाइक समेत सड़क किनारे हैफेड की दीवार से टकरा गए।
विज्ञापन
हादसे में बलजीत सिंह और उनकी बेटी कुलजीत कौर गंभीर रूप से घायल हो गए और दूसरी बाइक सवार को मामूली चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने छात्रा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया।
समाजसेवी प्रवीण सैनी ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को समय पर चिकित्सा सहायता मिलना बेहद जरूरी है। प्रत्येक नागरिक को ऐसे समय में मानवता का परिचय देते हुए घायलों की मदद करनी चाहिए। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।