बेटियां हमेशा अपने माता-पिता को गर्व महसूस करवाती हैं। इसी का उदाहरण यमुनानगर के तीन उद्योगपतियों की बेटियों ने दिया है। उद्योगपति अंकित गर्ग की 14 साल की बेटी कायरा गर्ग, सोनम अग्रवाल की 14 साल की बेटी रितिज्ञा अग्रवाल और असीम गोयल की 13 वर्ष की बेटी शरणया गोयल ने अपनी बनाई पेंटिंग 1.15 लाख में बेचकर कोरोना पीड़ितों के लिए धनराशि जुटाई।
दरअसल ये तीनों छात्राएं एक साल से अपने आर्टवर्क से पेंटिंग बनाती हैं। कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए उन्होंने खुद की बनाई हुई पेंटिंग को आनलाइन बेचने का फैसला किया और पांच दिन में एक लाख 15 हजार की धनराशि जुटा ली। इस धनराशि को पीड़ित परिवारों तक पहुंचाने के लिए छात्राओं ने अभिभावकों के माध्यम से विधायक घनश्यामदास अरोड़ा से संपर्क किया। विधायक तीनों छात्राओं को लेकर उपायुक्त मुकुल कुमार के पास पहुंचे। जब इन बच्चियों ने डीसी को पूरी बात बताई तो उन्होंने तीनों लड़कियों के प्रयास की सराहना की। तीनों लड़कियों ने एक लाख 15 हजार रुपये की धनराशि उपायुक्त को सौंप दी। उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि वे मुश्किल के इस दौर में एक दूसरे के काम आएं और जितना संभव हो पीड़ितों की मदद के लिए आगे आएं। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि अभिभावक अपने बच्चों को बचपन से ही इस तरह के संस्कार दें ताकि जरूरतमंद को समय पर सहायता दी जा सकें। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष सुमित गुप्ता, अंकित गर्ग, सोनल अग्रवाल, असीम गोयल भी मौजूद रहे।