यमुनानगर। प्यारा चौक स्थित ज्वेलर्स की दुकान पर नकली जेवर देकर असली सोने के आभूषण ठगने के मामले में एंटी बरग्लरी स्टाफ कम एंटी नारकोटिक सेल-2 की टीम ने दो महिलाएं और एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 29.81 ग्राम वजन के सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल काले रंग की टाटा नेक्सन कार बरामद की है।
आरोपियों की पहचान प्रयागराज निवासी राहुल सोनी उर्फ मनीष, प्रयागराज के नैनी निवासी मालती देवी और गाजियाबाद के विजय नगर निवासी पूनम सोनी के रूप में हुई है। पूनम राहुल की मां है और मालती पूनम की भाभी है। डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि प्यारा चौक स्थित एक ज्वेलर्स ने पुलिस को शिकायत दी थी कि दो महिलाएं उसकी दुकान पर आई थीं। उन्होंने नकली जेवरात देकर उससे सोने के असली आभूषण ठग लिए और भाग गईं। मामले की जांच एंटी बरग्लरी स्टाफ कम एंटी नारकोटिक सेल-2 को सौंपी गई।
विज्ञापन
डीएसपी ने बताया कि टीम ने छह नवंबर को कार्रवाई करते हुए प्रयागराज निवासी राहुल सोनी उर्फ मनीष और नैनी निवासी मालती देवी को गिरफ्तार किया। इसके बाद सात नवंबर को गाजियाबाद के विजय नगर से पूनम सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने राहुल और मालती को अदालत में पेश कर पांच दिन का रिमांड हासिल किया।
पूनम को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान मालती देवी से 12.35 ग्राम वजन की सोने की एक चेन बरामद की गई। इसके बाद 10 नवंबर को राहुल सोनी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल काले रंग की टाटा नेक्सन कार बरामद की गई। पुलिस ने ज्वेलर्स से ठगी गई नकली ज्वेलरी भी बरामद की है।