संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। हरियाणा स्कूल स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जिले के तीन खिलाड़ियों ने चार स्वर्ण पदक हासिल किए हैं। प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
करनाल में हुई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल के छात्र तनिष्क शर्मा ने अंडर-14 आयु वर्ग की शॉटपुट और डिस्कस थ्रो स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर दो स्वर्ण पदक जीते हैं। वहीं, एमएलएन पब्लिक स्कूल की छात्रा आराध्या ने अंडर-17 आयु वर्ग की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में पहला स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता है। इसी आयु वर्ग की शॉटपुट स्पर्धा में हरमनदीप ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया है।
राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के बाद उनके स्कूलों और परिवारों में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों की उपलब्धि को उनकी नियमित तैयारी और अभ्यास का परिणाम माना जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अब इन खिलाड़ियों के सामने अपने प्रदर्शन को आगे बढ़ाने की चुनौती होगी।
इस दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने जगाधरी स्थित कार्यालय में खिलाड़ियों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। पूर्व मंत्री ने खिलाड़ियों का मुंह मीठा करवाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि खेल व खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से सहयोग दिया जा रहा है। सरकार की ओर से खिलाड़ियों को बेहतरीन सुविधाएं दी जा रही हैं।
सुविधा पाकर खिलाड़ियों के प्रदर्शन में निखार आया है और वे जिला, प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों के सामूहिक प्रयास को महत्वपूर्ण बताया। इस दौरान भाजयुमो जिलाध्यक्ष निश्चल चौधरी, अध्यक्ष विपुल गर्ग, शिवराम, गोपाल सिंह और मलखान शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।