संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्पेशल सेल की टीम ने डी जे की दुकान में चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
इंचार्ज राजेश राणा ने बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन युवक चोरी की फिराक में श्मशान घाट जम्मू कॉलोनी के पास घूम रहे हैं। इस सूचना पर उप निरीक्षक सुखदेव सिंह,मुख्य सिपाही कृष्णा, कुलदीप, विपिन, आजाद की टीम का गठन किया गया। टीम ने तुरंत मौके पर जाकर वहां पर घूम रहे तीन युवकों को काबू किया। पूछताछ पर उनकी पहचान जम्मू कॉलोनी निवासी रवि कुमार उर्फ सांप, हिम्मत सिंह व विशाल कुमार के रूप में हुई।
पूछताछ में आरोपियों ने नौ मई को जम्मू कॉलोनी से डीजे की दुकान से सामान चोरी करने की वारदात को कबूल किया। आरोपियों से चोरी का सामान बरामद किया गया। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इंचार्ज ने बताया कि आरोपी रवि और हिम्मत पर पहले भी तीन-तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं जो न्यायालय में विचाराधीन है।