यमुनानगर। सीआईए टू की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 80 ग्राम स्मैक बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक सप्लायर और दो खरीदार शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से दो आरोपियों को रिमांड पर लिया गया जबकि एक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सीआईए टू के इंचार्ज राकेश कुमार को सूचना मिली थी कि गांव मंडोली बस अड्डा हाईवे के पास एक युवक नशीले पदार्थ के साथ घूम रहा है। सूचना के आधार पर टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई और संदिग्ध युवक को काबू कर लिया गया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 80 ग्राम स्मैक बरामद हुई। आरोपी की पहचान गीता कॉलोनी निवासी वंश के रूप में हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह यह स्मैक भिवानी निवासी रघुनंदन और गांव खरक कला निवासी नवीन को बेचने जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों खरीदारों को भी गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने वंश और रघुनंदन को रिमांड पर भेजा है, जबकि नवीन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर पूरा नेटवर्क का खंगालने में लगी है।