संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनाननगर। पुलिस ने तीन आरोपियों को तीन देसी कट्टे व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कट्टों के अलावा चार कारतूस भी बरामद हुए। पुलिस ने आरोपियों पर केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है
सीआईए-वन के हेड कांस्टेबल पंकज ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि टैगोर गार्डन में एक युवक गली में देसी कट्टा लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और आरोपी की शक के आधार पर तलाशी ली। उसकी जेब से एक देसी कट्टा बरामद हुआ। जिसमें एक कारतूस लोड था। वहीं एक कारतूस उसकी जेब से बरामद हुआ। आरोपी की पहचान टैगोर गार्डन जगाधरी निवासी सुमित धीमान के तौर पर हुई। पुलिस ने आरोपी को अवैध रूप से हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
हमीदा हेड के पास से गिरफ्तार
वहीं सीआईए-टू के हेड कांस्टेबल अमित ने बताया कि उन्हें मिली थी कि हमीदा की खड्डा कॉलोनी निवासी मोहतरम अली देसी कट्टे साथ देखा गया है और वह छीना झपटी के अलावा चोरी की वारदात भी करता है। इस समय वह हमीदा हेड के पास पैदल घूम रहा है। सूचना पाते ही वह मौके पर पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से एक लोडेड देसी कट्टा बरामद हुआ। उसे गिरफ्तार करके उस पर केस दर्ज कर लिया। जांच में पता चला कि वह पहले भी कई मामलों में पकड़ा जा चुका है।
पांसरा फाटक के पास से पकड़ा आरोपी
उधर थाना सदर यमुनानगर के मुख्य सिपाही जगतार सिंह ने बताया कि वह पांसरा फाटक के पास ड्यूटी पर मौजूद था। उन्हें सूचना मिली थी कि रतनपुरा गांव का आसकिरन उर्फ बिट्टू उर्फ चुप्पा गांव में अपनी दहशत जमाने के लिए अपने पास नजायज असला रखता है। इस वक्त वह अवैध हथियार के साथ रतनपुरा से पैदल पांसरा फाटक की तरफ जा रहा है। सूचना पाते ही वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। थोड़ी देर बाद ही रतनपुरा की तरफ से एक व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस को देख कर वह वहां से वापस भागने लगा। अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ जिसमें कारतूस लोड था। पुलिस ने उस पर केस दर्ज कर लिया।