रादौर के गांव जुब्बल के समीप ट्रक सवार तीन बदमाशों ने कुरुक्षेत्र के एक
किसान से 13 हजार रुपये और ट्रैक्टर-ट्राली लूट ली। पीड़ित की शिकायत पर
पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
कुरुक्षेत्र के
सिरसमा निवासी पूर्ण सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वीरवार तड़के
वह अपनी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर सहारनपुर बजरी लेने जा रहा था। जब वह जुब्बल
गांव के समीप पहुंचा तो एक ट्रक ने ओवरटेक कर उसकी ट्रैक्टर-ट्राली के आगे
ट्रक को खड़ा कर दिया।
ट्रक से तीन व्यक्ति नीचे उतरे और उन्होंने पूर्ण
सिंह से मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने पूर्ण सिंह की जेंब में रखे 13 हजार
रुपये निकाल लिए और उसे ट्रैक्टर-ट्राली से नीचे उतार दिया। एक व्यक्ति
उसकी ट्रैक्टर-ट्राली पर बैठा और उसे स्टार्ट कर वहां से निकल गया। शेष
दोनों व्यक्ति ट्रक में सवार होकर वहां से फरार हो गए।
पूर्ण सिंह ने वहां
से गुजरने वाले राहगीरों की मदद से इसकी सूचना अपने परिजनों और पुलिस को
दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूर्ण सिंह से बदमाशों का हुलिया जाना। पुलिस
ने जिले के मुख्य रास्तों पर नाकेबंदी की, लेकिन बदमाश और पूर्ण सिंह से
लूटी गई ट्रैक्टर-ट्राली का पता नहीं चल सका।
रादौर क्षेत्र में इससे पहले
भी बदमाशों द्वारा रात के समय दो किसानों से उनकी ट्रैक्टर-ट्राली छीनने क ी
वारदात हो चुकी है। इन वारदात से किसानों में रोष है। भारतीय किसान यूनियन
के जिला प्रधान संजू गुंदयाना और मंडल प्रधान बाबू राम ने जिला पुलिस
अधीक्षक से इस बारे में ठोस कार्रवाई करने की मांग की है।