यमुनानगर। चोरों ने अलग-अलग स्थानों पर स्थित दो दुकानों व एक स्कूल को निशाना बनाकर चोरियों को अंजाम दिया। चोर तीनों स्थानों से हजारों का सामान चोरी कर ले गए। तीनों मामलों में पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामपुरा कॉलोनी निवासी राजेश कुमार ने शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी गांव मुंडाखेड़ा के पास आरके ट्रेडर्स के नाम से कबाड़ी की दुकान है। रोज की तरह रात को उसका बेटा जयदीप दुकान बंद करके घर चला गया था। सुबह करीब सवा छह बजे उसके पास फोन आया कि उनकी दुकान का शटर टूटा हुआ पड़ा है। सूचना पर वह दुकान पर पहुंचा तो उसने देखा की उसकी दुकान का शटर आधा ऊपर उठा हुआ था। गोदाम का भी दरवाजा टूटा हुआ था। जांच करने पर दुकान के गल्ले से लगभग तीन हजार की नकदी, गोदाम व दुकान से लोहे की स्क्रैप, कास्ट, आयरन, मेटल व पीतल का हजारों रुपये का सामान गायब था।
उधर, बूड़िया के रेती मोहल्ला निवासी शैंकी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बूड़िया में ही चिकन पकोड़ों की दुकान है। रोज की तरह रात 10 बजे के करीब बजे वह दुकान बंद करके घर चला गया था। सुबह करीब सात बजे जब वह दुकान पर पहुंचे तो शटर टूटा हुआ था। अंदर से दो गैस सिलिंडर, नमकीन के 16 पैकेट, मीट काटने का चाकू व अन्य सामान गायब था। इस शिकायत पर पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
उधर, विश्वकर्मा चौक स्थित नव ज्योति विद्या मंदिर हाई स्कूल के हेड मास्टर त्रिलोक नाथ कपूर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रोज की तरह दोपहर बाद वे स्कूल को ताला लगाकर घर चले गए थे। सुबह जब स्कूल पहुंचे तो सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर स्कूल का दरवाजा टूटा हुआ मिला। स्कूल से लोहे की ग्रिल, 15 बेंच, स्कूल की बेल, लाउडस्पीकर सेट, दो पंखे गायब था। स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे भी टूटे हुए थे। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है।
ट्रक की बॉडी चोरी कर बेची, चालक पर केस
बूड़िया। पंचकूला के गांव कोट निवासी हरजिंदर सिंह ने बूड़िया पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका ट्रांसपोर्ट का काम है। उसने एक टिप्पर (ट्रक) रेत बजरी सप्लाई के लिए कनालसी घाट पर लगाया हुआ था। करीब तीन चार माह से उसने टिप्पर की बॉडी को उतारकर प्रभु कृपा प्लांट के पीछे खाली जगह में रखा हुआ था। जो टिप्पर चालक जाटोवाला निवासी जब्बार की देखरेख में था। सुबह जब वह प्लांट पर पहुंचा तो वहां से टिप्पर की बॉडी गायब थी। जब उसने चालक जब्बार से संपर्क किया तो उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। आरोप है कि उसके चालक ने उसके ट्रक की बॉडी को चोरी करके किसी को बेच दिया है। पुलिस ने मामले में जब्बार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। संवाद