संवाद न्यूज एजेंसी
छछरौली। क्षेत्र के लेदी बाजार में चोरी की वारदात को अंजाम देने पहुंचे संदिग्ध युवक एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान का ताला तोड़ने में नाकाम रहे। महिंद्रा पिकअप में सवार होकर पहुंचे युवक करीब सात मिनट तक दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास करते रहे, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर खाली हाथ लौट गए। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
वायरल सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि रात के समय महिंद्रा पिकअप में सवार होकर कुछ युवक लेदी बाजार पहुंचते हैं। इसके बाद वे एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान के बाहर वाहन रोकते हैं। वाहन से उतरने के बाद युवक दुकान के ताले को तोड़ने का प्रयास शुरू कर देते हैं। वे काफी देर तक ताला खोलने के लिए मशक्कत करते रहते हैं।
करीब सात मिनट तक युवक दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास करते हैं, लेकिन इसमें कामयाब नहीं हो पाते। काफी कोशिश के बाद जब उन्हें सफलता नहीं मिलती तो वे वहां से वापस लौट जाते हैं। इस दौरान दुकान से कोई सामान चोरी होने की जानकारी सामने नहीं आई है। थाना प्रभारी वेदपाल का कहना है कि मामले में चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज से पहचान की उम्मीद
चोरी के प्रयास की यह घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड होने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। फुटेज में संदिग्ध युवकों और उनके वाहन की गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में मदद मिल सकती है। बाजार के दुकानदारों में इस घटना के बाद चिंता का माहौल है।