संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर के थाना फर्कपुर क्षेत्र में गत्ते के बॉक्स बनाने वाली फैक्टरी में ताले तोड़कर चोर करीब सवा लाख रुपये का सामान चोरी कर भाग गया। चोर ने फैक्टरी के अंदर तोड़फोड़ भी की। पूरी वारदात फैक्टरी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फैक्टरी मालिक की शिकायत पर थाना फर्कपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वीणा नगर कैंप निवासी विनय गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी जोड़ियो गुरुद्वारा के पास मोनिका पैकेजिंग के नाम से गत्ते के बॉक्स बनाने की फैक्टरी है। वह बीते दिन शाम करीब छह बजे फैक्टरी का ताला लगाकर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह करीब नौ बजे जब कर्मचारी फैक्टरी पहुंचे तो उन्होंने देखा कि मुख्य ताले टूटे हैं।
अंदर के दरवाजों व शीशों को भी नुकसान पहुंचाया गया था। अंदर जाकर जांच की गई तो करीब सवा लाख रुपये का सामान गायब मिला। चोरी हुए सामान में करीब 30 किलो तांबा, पीतल, मशीन के पार्ट्स और लगभग 25 हजार रुपये नकद शामिल हैं। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर एक अज्ञात व्यक्ति चोरी करता हुआ नजर आया। आरोपी ने अपने चेहरे को कपड़े से ढक रखा था।
विनय गुप्ता ने बताया कि 18 मार्च को भी चोरी की वारदात हो चुकी है। मामले के जांच अधिकारी इरशाद अली ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा।