जगाधरी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की तैयारियों के तहत नगर निगम ने शनिवार काे वार्ड दो के खेड़ा बाजार में प्लास्टिक मुक्त बाजार जागरूकता अभियान चलाया। कार्यक्रम के दौरान दुकानदारों एवं फल सब्जी विक्रेताओं को सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की शपथ दिलाई गई। सभी को इसके वैकल्पिक रूप से कपड़े व जूट के थैले अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
मेयर सुमन बहमनी व नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर चलाए गए इस अभियान के दौरान बाजार के सभी दुकानदारों, सब्जी एवं फल विक्रेताओं को सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने हेतु जागरूक किया गया। साथ ही स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक दुकान एवं रेहड़ी ठेले के पास गीला व सूखा कचरा अलग-अलग एकत्र करने के लिए दो डस्टबिन रखने के निर्देश दिए गए।
नगर निगम टीम ने बाजार में लगे लटकते बैनरों, अनावश्यक प्रचार सामग्री हटाने के लिए भी अपील की, ताकि बाजार क्षेत्र की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण को बेहतर बनाया जा सके। आईईसी विशेषज्ञ दुर्गेश और आकाश ने सभी नागरिकों से अपील की गई कि वे प्लास्टिक का बहिष्कार कर स्वच्छ यमुनानगर-जगाधरी के निर्माण में सहयोग करें।