व्यासपुर। जन आवाज वेलफेयर फाउंडेशन की टीम ने प्रतापनगर क्षेत्र में मिले युवती के सिर कटे शव के मामले में शुक्रवार को डीसी और एसपी से मुलाकात की। टीम में जांच तेज कर जल्द मामले का खुलासा करने की मांग उठाई।
टीम का नेतृत्व जिला युवा चेयरमैन सिद्धू राव ने किया। टीम में पब्लिक रिलेशन ऑफिसर शुभम, युवा शिकायत ऑफिसर सुखविंद्र सिंह, महिला सदस्य बीना, बलकिस, मुमताज सहित अन्य महिलाएं एवं युवा सदस्य शामिल रहे। टीम ने डीसी को ज्ञापन सौंपते हुए मामले में शीघ्र व निष्पक्ष जांच की मांग की। इस पर डीसी ने एसपी से मामले को लेकर बात की।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था जिले के गांवों, मोहल्लों और स्कूलों में जाकर बेटियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दे रही है। साथ ही उन्हें संवैधानिक और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक कर रही है। अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए महिला पुलिस कर्मियों के सहयोग की मांग भी रखी गई। इसके पश्चात फाउंडेशन की टीम ने एसपी कमलदीप गोयल से भी भेंट की। फाउंडेशन की ओर से डीसी व एसपी को संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर भेंट की गई।