हरियाणा कौशल रोजगार निगम में शामिल किए जाने की मांग को लेकर थर्मल के अनुबंधित कर्मचारियों ने रविवार को भी धरने में नारेबाजी कर रोष प्रकट किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी कर रोष प्रकट तो किया साथ ही मैनेजमेंट की खामियों को भी उजागर किया। इस दौरान प्रधान अविनाश, सचिव संजय बाली ने कहा कि मांगों को लेकर कर्मचारी 25 अप्रैल से हड़ताल कर धरने पर बैठे हुए हैं। लेकिन मैनेजमेंट अभी तक अड़ियल रवैया अपनाए हुए है। उन्होंने कहा कि जब कर्मचारियों की मांग पूरी नहीं हो जाती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा कर्मचारी अपना हक मांग रहे हैं, ऐसे में इस हक वे किसी भी सूरत में नहीं छोड़ेंगे। इसके लिए फिर चाहे कर्मचारियों का लंबा संघर्ष क्यों न करना पड़ जाए।