यमुनानगर। शहर के आजाद नगर की गली नंबर छह में खाली प्लाट में व्यक्ति का कटा हुआ पैर मिलने से हड़कंप मच गया। कटा पैर एक कुत्ता लेकर घूम रहा था। कॉलोनी के लोगों ने जब इसकी सूचना थाने में दी तो उन्होंने व्हाट्सएप पर पैर की फोटो भिजवाने को कहा। इसके बाद लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 को दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पैर को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
आजाद नगर गली नंबर छह निवासी मनीष ने बताया कि उनके घर के पास ही खाली प्लाट में एक कुतिया ने बच्चे दिए हैं। घर की बच्ची कुत्ते के बच्चों के साथ खेलती रहती है। कई बार यह कुत्ते के बच्चे दूर चले जाते हैं, तो उन्हें लेकर आती है। रविवार को बच्ची कुत्ते के बच्चों को देखने के लिए खाली प्लाट में गई, तो उसने वहां पर एक कटा हुआ पैर पड़ा देखा।
विज्ञापन
उसने इस बारे में घर आकर बताया। इस पर वह तुरंत मौके पर पहुंचा। उसने देखा कि एक कुत्ते ने कटे पैर को मुंह में दबाया हुआ था। इसके बाद उसने इस बारे में थाने में फोन किया। फोन उठाने वाले ने व्हाट्सएप पर कटे पैर की फोटो भेजने के लिए कहा गया। इसके बाद डायल 112 को फोन करने के लिए कहा गया। डायल 112 पर फोन करते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने कटे हुए पैर को कब्जे में लिया। पैर का कुछ हिस्सा जला हुआ था।
आशंका जताई जा रही है कि आसपास श्मशान घाट से कोई कुत्ता यह पैर यहां लेकर आया होगा। रामपुरा चौकी इंचार्ज सतपाल सिंह का कहना है कि आजाद नगर में खाली प्लाट में कटा हुआ पैर मिलने की सूचना पर वह मौके पर गए थे। कटा हुआ पैर कब्जे में ले लिया है। कटा पैर जांच के लिए भिजवाया जाएगा। अभी तक यही सामने आ रहा है कि आसपास श्मशान घाट ौर यमुना नहर है। हो सकता है वहां से कुत्ता इस पैर को ले आया है। पैर जला हुआ भी लग रहा है। फिलहाल जांच की जा रही है।