यमुनानगर। जिले से किसानों और मजदूरों का काफिला सरदार गुरनाम सिंह चढूनी के नेतृत्व में सुबह 10 बजे मिल्कमाजरा टोल से सिंघू बार्डर के लिए कूच करेगा। दिल्ली कूच की तैयारियों को लेकर जगाधरी जिमखाना क्लब में किसानों और जिला यमुनानगर अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन की बैठक हुई। इस दौरान अनेक गांव का दौरा भी किया गया। किसान नेताओं ने गांव महलावाली, काठवाला, पीरवाला गांव में जाकर जनसभाएं की और 20 तारीख को वाहन लेकर मिल्कमाजरा टोल पर पहुंचने की अपील की। मंडी एसोसिएशन के प्रधान शिवकुमार, जगमाल, मनीष, भाकियू संगठन सचिव हरपाल सुढैल, जिला प्रधान संजू गुंदियाना, गुरमेज कपूरी, जरनैल सिंह, पवन, अमृत, गुरवीर, रणधीर सिंह आदि मौजूद रहे।
वहीं रादौर में किसान नेता सुरजीत सिंह ने बताया कि किसान आंदोलन को लेकर महीनों बाद भी किसानों में भारी जोश है। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्र सरकार काले कानून वापिस नहीं लेगी, तब तक आंदोलन चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार जब तक फसल के समर्थन मूल्य पर गारंटी का कानून नहीं बना देती तब तक किसान वापस अपने घर नहीं जाएगा। आज बढ़ती हुई महंगाई ने देश की जनता की कमर तोड़ दी है। इस अवसर पर बलिंदर कुमार, राजेश सलूजा, रघुबीर मेहता, राजपाल, हरप्रीत सिंह, समशेर सिंह, टिंकू मेहता, बंटी मेहता, बृजेश सैनी, जसविंदर आदि मौजूद रहे। वहीं यमुनानगर से सटे अंबाला जिले के कस्बा शहजादपुर के गांव की चौपाल में दोपहर बाद शाम को 3:00 बजे किसान पंचायत आयोजित की जाएगी। इस किसान पंचायत में कई किसानों को संगठन में जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी।