संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। आम आदमी पार्टी के जिला कार्यालय में चेयरमैन सुशील जैन ने कहा कि जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर नहीं हैं, जिससे मरीजों को परेशानी हो रही है। जैन पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे।
सुशील जैन ने कहा कि अस्पताल में डॉक्टर व अन्य स्टाफ के पद रिक्त हैं। अल्ट्रासाउंड की (कलर) मशीन नहीं है। पेयजल व्यवस्था बेहतर नहीं है। शौचालयों के पास गंदगी व अव्यवस्था है। आप नेता दलीप दड़वा ने कहा कि अस्पताल 110 करोड़ रुपये से बनाया, मगर स्वास्थ्य सुविधाएं न होने से मरीज परेशान हैं।
यहां न डाक्टर मिलते हैं और न दवा व मशीनें और स्टाफ। इससे मरीजों व उनके परिजनों को बाहर निजी अस्पताल जाना पड़ता है। गरीब व मध्यम वर्ग के लोगों को इलाज कराना मुश्किल हो गया है। सरकार व प्रशासन का स्वास्थ्य सुविधाओं की ओर ध्यान नहीं है। सरकार व प्रशासन को चाहिए कि अस्पताल में सुविधाएं बेहतर कर स्टाफ की कमी पूरी करे।
कुलविंदर राणा ने कहा कि जैसे दिल्ली व पंजाब में स्वास्थ्य सुविधाएं मुफ्त व बेहतर हैं। उसी तर्ज पर हरियाणा में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में सुविधाएं बेहतर की जाएंगी। मौके पर पूर्ण कांबोज, कश्मीरी लाल, कर्मचंद, दीपचंद, नरेश मौजूद रहे।