संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डीएवी कन्या महाविद्यालय में खेल पत्रकारिता में कॅरियर की संभावनाएं विषय पर वेबिनार हुआ। आयोजन पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की ओर से किया गया। मुख्य वक्ता हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी राई (सोनीपत) से सहायक प्रोफेसर डॉ. जयपाल ने कहा कि खेल पत्रकारिता में कॅरियर की अपार संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि खेल पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद विद्यार्थी खेल की बारीकियों को समझ बेहतर तरीके से रिपोर्टिंग कर सकेंगे। खेल के नियम, खिलाड़ी के तकनीकी कौशल, खेल की रणनीतियां व खेल की सांस्कृतिक पृष्ठभूमि का ज्ञान होना चाहिए। खेल पत्रकार में प्रभावी ढंग से लेखन व संवाद करने की क्षमता होनी चाहिए।
उन्हें खेल की घटनाओं, मैच के परिणामों और खिलाड़ियों की विशेषताओं को स्पष्ट व आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना आना चाहिए। डॉ. जयपाल ने कहा कि खेल न केवल राष्ट्रीय गौरव व सामाजिक समरसता का प्रतीक है बल्कि यह युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने सशक्त माध्यम भी है। कॉलेज के मनोविज्ञान विभाग की अध्यक्ष शालिनी छाबड़ा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभाग की प्राध्यापिका नेहा ठाकुर ने सहयोग दिया।