तेजली स्थित स्पोर्ट्स टीचर राजिंद्र कुमार के घर से चोरों ने एक लाख की नकदी समेत ढाई लाख के गहने चोरी कर लिए। घटना के समय टीचर अपनी पत्नी को अपनी ससुराल ककडोनी लेने गया था। चोर रसोई की खिड़की की जाली तोड़ अंदर घुसे और अलमारी का दरवाजा तोड़ लॉकर से नकदी व गहनों पर हाथ साफ किया। पुलिस ने मौके का मुआयना कर अज्ञात पर केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
तेजली निवासी राजिन्द्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह स्पोर्ट्स टीचर है। शनिवार शाम को करीब सात बजे वह घर का ताला लगवाकर अपने बच्चों सहित अपनी पत्नी आशादीप को लेने अपनी ससुराल ककडोनी गया था। रविवार शाम को जब वह पत्नी को लेकर घर पहुंचा तो उसने देखा कि रसोई की जाली टूटी हुई थी। अंदर सामान बिखरा पड़ा हुआ था। अलमारी के दरवाजे टूटा हुआ था। अलमारी के अंदर लॉकर में रखी एक लाख रुपये की नकदी, सोने की तीन अंगुठियां, उसकी पत्नी के माथे का टीका व गले का सोने का एक सेट, पांच जोडी चांदी व अन्य गहने गायब थे। उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। राजिंद्र का कहना है कि चोरी हुई नकदी व गहनों की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये थी। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर चोरी का केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
महावीर कॉलोनी निवासी गौरव ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने घर का ताला लगाकर अमृतसर गुरुद्वारा घूमने गया था। रविवार को जब वह घर लौटे तो उसने देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। घर का सामान बिखरा पड़ा था। कमरे में रखी अलमारी खुली पडी थी। अलमारी के अंदर से तीन हजार रुपये की नकदी, एक सोने की अंगूठी, सोने की बालियों की जोड़ी, चार जोडी टोपस, चांदी की पाजेब, ब्रेसलेट, चांदी की अंगूठी व अन्य गहने गायब थे। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है।