कोरोना से हुई महिला की मौत के बाद जब उसके शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया तो वहां उसके नाक से सोने का कोका और कान से सोने की बालियां चोरी हो गईं। महिला के बेटे ने अस्पताल के कर्मियों पर चोरी का आरोप लगाया है। आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर उसके बेटे ने सीएमओ को शिकायत दी है। जिसमें उसने आरोपी कर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।
गुलाब नगर निवासी युवक ने सीएमओ विजय दहिया को दी शिकायत में बताया कि उसकी मां ब्लड केंसर व टीबी के रोग से ग्रस्त थी। जिसके चलते उसका कोरोना टेस्ट किया गया। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसके ईएसआई अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां 28 सितंबर को उसकी मौत हो गई। उनकी मौत के बाद अस्पताल के कर्मियों ने उनके शव को पॉलिथीन में बांधा।
युवक का कहना है कि उस समय वह भी मौके पर मौजूद था। उस समय उसकी मां के कानों में सोने की बालियां और नाक में सोने का कोका था। कर्मी उसकी मां के शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखकर गए। जब उन्होंने अपनी मां का शव देखा तो उनके नाक से कोका व कानों से सोने की बालियां गायब थी।
आरोप है कि ड्यूटी के दौरान विभाग के कर्मचारियों ने उसकी मां के नाक व कानों से गहने चोरी किए है। आरोपी कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उसकी मां की अंतिम निशानी उन्हें सुपुर्द की जाए। इस बारे में सीएमओ को कहना है कि मामले की जांच करवाई जाएगी।