चोरों ने ढाबा, घरों व किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाते हुए उन्हें लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। थाना बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में मारवा खुर्द गांव के राहुल ने बताया कि चाहड़वाला रोड पर उसका अन्नापूर्ण राइस मिल से आगे विक्की पंजाबी ढाबा है। वह रात को ढाबा बंद कर घर चला गया था। 27 अक्तूबर की सुबह वह ढाबे पर आया तो वहां लगे दोनों ताले टूटे मिले। जांच करने पर पाया कि ढाबा से एक इनवर्टर, एक ट्यूबलर बैटरा गायब था। जिसकी कीमत हजारों रुपये थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
थाना गांधी नगर पुलिस को दी शिकायत में हरबंसपुरा कॉलोनी के प्रदीप बावा ने बताया कि घर के पास ही करियाना की दुकान है। रात को वह दुकान को बंद करके अपने घर चला गया। सुबह करीब साढ़े छह बजे वह दुकान खोलने गया तो देखा कि दुकान का अंदर का दरवाजा टूटा हुआ था और सामान व गुल्लक जमीन पर पड़ा था। गुल्लक में करीब पांच हजार रुपये के सिक्के थे। वहीं गोशाला के दानपात्र में 1500 रुपये थे। चोरों ने दुकान से उन्हें चोरी कर लिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
गांधी नगर पुलिस को ही दी शिकायत में मोती बाग बैंक कॉलोनी के जसबीर ने बताया कि वह अपने परिवार सहित 26 अक्तूबर की रात घर का ताला लगाकर अपने गोलनपुर गांव चले गए थे। 27 अक्तूबर को जब घर वापस आए तो देखा कि घर का ताला तोड़ कर चोरों ने 10 हजार रुपये, एक गैस सिलिंडर, बर्तन चोरी कर लिए थे। पुलिस ने मौके का मुआयना किया।
थाना शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में राजान स्ट्रीट जगाधरी की संतोष शर्मा ने बताया कि उसकी बहन गुलाब नगर निवासी रुकमणी शर्मा के घर का ताला तोड़कर चोरों ने कमरे से इनवर्टर व बैटरी को चोरी कर लिया। रुकमणी न्यूजीलैंड गई हुई है। वहीं कमरे में रखी अलमारियों के भी ताले टूटे हुए थे। घर से अन्य क्या सामान चोरी हुआ है इसका पता बहन के वापस आने पर ही पता चलेगा। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
थाना जठलाना पुलिस को दी शिकायत में पालेवाला गांव के किसान अनुज राणा ने बताया कि फसलों की सिंचाई के लिए उसने खेतों में तीन हॉर्स पावर की मोटर लगाई हुई थी। चोरों ने ट्यूबवेल के कमरे के दरवाजे का ताला तोड़ कर मोटर चोरी कर ली। बाद में उसे पता चला कि खेतों में उसके पड़ोसी किसान रमेश कुमार, कंवरपाल, पालेवाला गांव के रिशिपाल, वेद प्रकाश की मोटरों के अलावा फिक्सवाला और ड्राइवरी भी चोरी करके ले गए हैं।