संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के युवा महोत्सव का गुरु नानक गर्ल्स कॉलेज में सोमवार को रंगारंग शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले दिन प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांधा दिया। महोत्सव में जिलेभर से 15 से 29 वर्ष के 598 प्रतिभागी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इसमें लोक गायन, नृत्य व वादन में जिले से 13 टीमें भाग ले रही हैं। महोत्सव में कुल दस विधाओं की प्रतियोगिताएं करवाई जा रही हैं। युवा महोत्सव का समापन मंगलवार को होगा। महोत्सव का शुभारंभ युवाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से किया। महोत्सव में महापौर सुमन बहमनी मुख्यातिथि रहीं।
वहीं एसडीएम जगाधरी विश्वनाथ, आईटीआई प्राचार्य भूपेंद्र सिंह सांगवान, कॉलेज निदेशिका विरेंद्र गांधी, प्राचार्या नरिंद्र कौर विशिष्ट अतिथि रहीं। इस दौरान लोक समूह नृत्य, एकल लोक नृत्य, समूह लोक गीत, एकल लोक गीत, वन एक्ट प्ले, शास्त्रीय संयंत्र वादन, मिमिक्री इत्यादि सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं जीएनजी कॉलेज में करवाई गई। कहानी लेखन, कविता पाठ, चित्रकला, भाषण प्रतियोगिता, फोटोग्राफी, विज्ञान प्रदर्शनी प्रतियोगिताएं नोडल आईटीआई यमुनानगर में हुईं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. दिलशाद कौर और डॉ. प्रियंका कादियान ने किया। पहले दिन शुभारंभ के चलते सभी सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं नहीं हो पाईं।
प्रतियोगिता में टीमों के अलावा 50 से ज्यादा युवा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग ले रहे हैं। इसकी शेष प्रतियोगिताएं मंगलवार को करवाई जाएंगी। सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं का नाम समापन समारोह में घोषित कर सम्मानित किया जाएगा। इस दौरान महापौर सुमन बहमनी ने कहा कि महोत्सव में युवाओं को अपनी प्रतियोगिता दिखाने का मौका मिला है। स्कूल व कॉलेज स्तर पर युवा ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं, लेकिन जब वे सामाजिक जीवन में पहुंचते हैं, तो इससे दूर हो जाते हैं। परंतु इस महोत्सव से शिक्षा पूरी कर चुके युवाओं को भी मंच मिला है।
एसडीएम विश्वनाथ ने युवाओं को ऐसे कार्यक्रम में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। युवा महोत्सव के नोडल अधिकारी आईटीआई प्राचार्य भूपेंद्र सिंह सांगवान ने कहा कि प्रतियोगिता का परिणाम मंगलवार को जारी किया जाएगा। समापन समारोह में विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। समूह प्रतियोगिता में प्रथम 31,000, द्वितीय 21,000 और तृतीय स्थान पर 11,000 रुपये नकद इनाम दिया जाएगा। एकल प्रतियोगिता में पुरस्कार राशि प्रथम पर 3,100, द्वितीय पर 2,100 और तृतीय पर 1,100 रुपये रखी गई है।