संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बूड़िया थाना क्षेत्र के मेहर माजरा गांव निवासी 24 वर्षीय गोपाल किशन ने फतेहगढ़ नहर के पास जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने से पहले उसने मोबाइल पर वीडियो बनाकर अपने इंस्टाग्राम पर अपलोड की और अपने दोस्तों को भेजी।
वीडियो में उसने अपनी मौत का जिम्मेदार अपनी पत्नी, सास, ससुर समेत आठ लोगों को ठहराया है। पुलिस ने मृतक गौरव की मां बाला देवी की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। जहरीला पदार्थ निगलने से पहले मोबाइल में बनाई वीडियो में गोपाल किशन ने कहा कि मेरी मौत का जिम्मेदार मेरी घरवाली सीमा, साला भूपेंद्र, सागर, जयप्रकाश, ससुर अमरनाथ, सास कमलेश, चाचा ससुर रविंद्र व रिंकू कुराल है।
इन्होंने मिलकर उसे झूठे दहेज केस में फंसाने की धमकी दी है। ये मुझसे छह लाख रुपये मांग रहे है। मैं छह लाख रुपये कहां से दूं। इन्होंने मुझे बहुत परेशान कर रखा है। मेरी मौत के जिम्मेदार ये सभी है। मेरे परिवार को इंसाफ दिया जाए।
मेहर माजरा निवासी बाला देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिसंबर 2024 में उन्होंने उसकी शादी रादौर के छोटा बांस निवासी सीमा से की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही उसके बेटे की पत्नी सीमा छोटी छोटी बातों पर झगड़े करने लगी। घरेलू कलह के चलते करीब तीन माह पहले सीमा अपने मायके चली गई। बाद में उसने उनके बेटे व उनके खिलाफ दहेज की मांग करने की शिकायत पुलिस को दे दी। इसके चलते वह महिला पुलिस थाने में गए।
मामले में समझौता करने की एवज पर सीमा व उसके परिवार के लोगों ने पहले उनसे 11 लाख रुपये की मांग की। बाद में आरोपी उनसे छह लाख रुपये मांगने लगे। इससे परेशान होकर बेटे ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या की है। बूड़िया थाना पुलिस के जांच अधिकारी एसआई जसविंदर सिंह का कहना है कि वीडियो व मृतक की मां की शिकायत पर सभी सात आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।