संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। बैग की दुकान पर काम करने वाले युवक की ओर से फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। सुबह के समय युवक का शव घर में ही फंदे पर लटका मिला। मृतक के पास एक सुसाइड नोट भी मिला है। बताया जा रहा है कि प्रेम प्रसंग के चलते युवक ने आत्महत्या की है। थाना सेक्टर 17 पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसएचओ रजत शर्मा के अनुसार सुंदर नगर निवासी 21 वर्षीय जसप्रीत बैग की दुकान में काम करता था। जसप्रीत का शव वीरवार को घर में ही फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कार्यवाही के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
उन्होंने बताया जसप्रीत के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला। बताया जा रहा है कि युवक का तीन साल से रिश्तेदारी की ही एक युवती से प्रेम प्रसंग था। अब युवती ने शादी से इंकार कर दिया था। इससे वह काफी समय से मानसिक रूप से परेशान था। इसके चलते उसने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। जसप्रीत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। पोस्टमार्टम कराकर शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।