यमुनानगर। जिले में सोमवार सुबह दो घंटे तक बारिश हुई। बारिश की वजह से लोगों को उमस व गर्मी का सामना नहीं करना पड़ा। हालांकि जिस तरह से मौसम खराब रहा उससे लोग तेज बारिश होने की संभावना जता रहे थे। करीब 10 बजे बारिश बंद होने से लोगों ने राहत की सांस ली।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार व बुधवार को भी बारिश होने की संभावना है। खराब मौसम को देखते हुए किसानों को अपनी फसलें खराब होने का खतरा सताने लगा है। वह इसलिए क्योंकि रविवार को जो मूसलाधार बारिश हुई थी अभी उसका पानी ही फसलों में भरा हुआ है। ऐसे में किसान फसलों में पानी की निकासी करने में जुटे हैं।
ऐसे में यदि अब फिर बारिश होती है तो खेतों में पहले से ज्यादा पानी भर जाएगा। किसानों का कहना है कि पहले ही खेतों में पानी भरने से पशुओं के लिए हरा चारा नहीं काट पा रहे हैं। कई जगह तो खेतों में जाने वाले रास्ते पर पानी भरा हुआ है। ऐसे में किसानों का अपने खेतों में जाना भी मुश्किल हो रहा है।