संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। पहाड़ों व कैचमेंट एरिया में बारिश होने के बाद बुधवार दोपहर यमुना नदी का जलस्तर एक बार फिर से बढ़ गया। हथिनी कुंड बैराज पर बुधवार दोपहर दो बजे यमुना नदी का जलस्तर 71374 क्यूसेक दर्ज किया गया।
इसमें से यमुना नदी में 61354 , पश्चिमी यमुना नहर में 8510 और यूपी की पूर्वी यमुना नहर में 1510 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
इसके बाद पानी का स्तर घटने लगा जिससे यमुना नदी से सटे क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। शाम चार बजे बैराज पर 55386 क्यूसेक पानी रह गया था। दोपहर तीन बजे बैराज पर नदी का जलस्तर 70998 क्यूसेक, शाम चार बजे 55386 क्यूसेक, शाम पांच बजे 52388 क्यूसेक व छह बजे 48726 क्यूसेक पानी दर्ज किया।
वहीं मौसम साफ रहने की वजह से बुधवार को जिले का अधिकतम तापमान चार डिग्री तक बढ़ गया। तापमान बढ़ने से लोगों को एक बार फिर से गर्मी का सामना करना पड़ा। हालांकि बीच-बीच में बादल छाते रहे। शाम के समय एक बार फिर से बादल छाए तो कभी धूप निकली। जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने वीरवार व शुक्रवार को भी बारिश होने की संभावना जताई है।