संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। सीटू के आह्वान पर आगामी एक से तीन दिसंबर को दिल्ली में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय महापड़ाव में प्रतापनगर ब्लॉक की मिड-डे मील वर्कर भाग लेंगी। महापड़ाव की तैयारियों के लिए शनिवार को अनाज मंडी प्रतापनगर में मिड डे मील वर्कर यूनियन की ब्लॉक स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान ब्लॉक प्रधान शिमला देवी, जिला सचिव बीना देवी, सीटू नेता सतपाल सैनी और नीलम ने कहा कि मिड डे मील वर्कर लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रही हैं। स्कूलों में बच्चों को भोजन उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिलाओं को सम्मानजनक वेतन, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर कार्य परिस्थितियां मिलनी चाहिए।
शिमला देवी, बीना देवी और नीलम ने कहा कि मिड डे मील वर्करों को 42 हजार रुपये मासिक न्यूनतम वेतन देने, पक्का कर्मचारी घोषित करने और पूरे 12 महीने का वेतन देने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। इसके अलावा मानदेय का भुगतान हर महीने समय पर करने, सेवानिवृत्ति पर पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा देने की मांग भी उठेगी।
उन्होंने कहा कि वार्षिक वर्दी भत्ता बढ़ाकर दो हजार रुपये करने, वर्करों की छंटनी पर रोक लगाने और स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या कम होने या स्कूलों के विलय के नाम पर किसी भी वर्कर को काम से नहीं हटाने की मांग भी की जाएगी। मिड-डे मील योजना को 12वीं कक्षा तक लागू करने तथा योजना के निजीकरण और केंद्रीय रसोई व्यवस्था के माध्यम से रोजगार प्रभावित करने के प्रयासों पर रोक लगाने की मांग भी उठाई जाएगी।
ज्योति, पुष्पा, सुमन, अनीता, कृष्णा, सुनीता, रेखा, दीपा, सजिता, किरण, मुकेश, ममता, रानी, मीना, अनवरी, कुर्शिदा ने कहा कि वर्करों को चिकित्सा सुविधा, मातृत्व लाभ, भविष्य निधि, ग्रेच्युटी और पेंशन जैसी सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने सभी ब्लॉकों के पदाधिकारियों से संपर्क अभियान चलाकर वर्करों को दिल्ली महापड़ाव में शामिल करने का आह्वान किया।