संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम की ओर से हाल में बंद किए कचरा प्वाइंट पर अब तीसरी आंख की नजर होगी। इन प्वाइंट को बंद कर निगम ने यहां सुगंधित वातावरण के लिए फूलों के गमले रखवाएं हैं। अब इन प्वाइंट के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन प्वाइंट पर कचरा डालने वाला कैमरे में कैद होगा। अब कोई इन प्वाइंट पर कचरा डालेगा तो उसका पांच हजार रुपये का चालान किया जाएगा।
नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा के निर्देशों पर नगर निगम ने ट्विनसिटी में बने 70 से अधिक कचरा प्वाइंट अर्थात गार्बेज वेलरवेल प्वाइंट बंद किए हैं। इन प्वाइंट को बंद कर नगर निगम ने इन स्थानों पर फूल पौधों के गमले व बेंच रखवाए हैं। कुछ स्थानों पर पौधरोपण भी किया गया है। निगम द्वारा इन प्वाइंटों से गंदगी साफ कर चूने का छिड़काव किया गया। साथ ही इन प्वाइंट पर गमले, पौधे व बेंच रखवाए गए।
नगर निगम द्वारा जोन एक में सीएसआई हरजीत सिंह की टीम ने वार्ड से 11 वार्डाें में विभिन्न स्थानों पर बने कचरा प्वाइंट बंद करवाए। टीम द्वारा वार्ड एक में आरटीओ ऑफिस, दो में हरियाणा कॉ-ऑपरेटिव बैंक, झंडा चौक, इंदिरा मार्केट, अंकुश अस्पताल, शिब्बू मल धर्मशाला, वार्ड चार में वृद्ध आश्रम, बूड़िया पार्क के पास, वार्ड पांच में शर्मा टेंट, घास मंडी, पुरानी सब्जी मंडी, वार्ड छह में कोहली अस्पताल के पास, कांबोज नर्सरी, छोटी लाइन, आठ में भगत सिंह पार्क, दशहरा ग्राउंड, वार्ड नौ में केशव पार्क के पास समेत कई अन्य स्थानों से कचरा प्वाइंट बंद कराकर यहां फूलों के गमले व बेंच रखवाए।
इसी तरह सीएसआई सुनील दत्त के नेतृत्व में बनी टीम ने नगर निगम कार्यालय के बाहर, महाराणा प्रताप चौक, स्वर्ण जयंती पार्क, आईटीआई के बाहर, कन्हैया साहिब चौक, पुराना हमीदा ट्रक अड्डा के पास, रादौर रोड पुलिया के पास, जोड़ियो पेट्रोल पंप के नजदीक, फर्कपुर संत निरंकारी सत्संग भवन के पास, सरगौधा स्वीट्स के पास, वार्ड 17 में बाईपास पुल के पास, गोविंदपुरी सरकारी स्कूल, सरोजिनी कॉलोनी हनुमान मंदिर के पास समेत कई कचरा प्वाइंट को बंद कर फूल पौधों के गमले और बेंच रखवाएं। दोनों जोन में लगभग 70 से अधिक कचरा प्वाइंट बंद किए गए है। अब इन स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे व बैनर भी लगाए गए है।