संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शिक्षा विभाग की ओर से शनिवार को जिलास्तरीय विज्ञान प्रतियोगिता करवाई गई। यह प्रतियोगिता सुढैल स्थित न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल में हुई। प्रतियोगिता में बाल वैज्ञानिकों ने विभिन्न मॉडल्स से अपनी कुशलता व वैज्ञानिक सोच का परिचय दिया। इस विज्ञान प्रदर्शनी के लिए विद्यार्थियों को कुल सात विषय दिए गए थे। प्रतियोगिता में जिले के सभी खंडों से 126 टीमों ने भाग लिया। इस दौरान प्रथम विजेता को 2,100, द्वितीय विजेता को 1,800 और तृतीय विजेता को 1,500 रुपये का पुरस्कार दिया गया।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने कचरा प्रबंधन, सतत विकास, हरित ऊर्जा, उभरती प्रौद्योगिकियां, मनोरंजनात्मक गणित, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता व जल संरक्षण विषय दिए गए थे। विषयानुसार विद्यार्थियों ने बेहद शानदार मॉडल्स प्रदर्शित किए। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यातिथि जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलता ने की। वहीं, जिला परियोजना समन्वयक सुनीता त्यागी, जिला विज्ञान विशेषज्ञ विशाल सिंघल व फतेहाबाद के जिला विज्ञान विशेषज्ञ मुकेश कुमार विशिष्ट अतिथि रहे।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जगाधरी वर्कशॉप के पीजीटी गणित संजय कुमार, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलाहर के संजीव कुमार पीजीटी फिजिकस और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भटौली की केमिस्ट्री पीजीटी सोनिया विज शामिल रहे। जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलता ने कहा कि विद्यार्थियों को विज्ञान व गणित में रूचि लेनी चाहिए। इन दोनों विषयों के विद्यार्थियों की बाजार में बहुत मांग है।
उन्होंने बताया कि इन दोनों विषयों में विद्यार्थी अपना भविष्य सुनहरा बना सकते हैं। जिला विज्ञान विशेषज्ञ विशाल सिंघल ने कहा कि विद्यार्थियों का विज्ञान में रूझान पैदा करने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिताएं करवाई जाती हैं। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति की ओर से डॉ. बिंदु शर्मा, विकास शर्मा सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
ये विद्यार्थी बने विजेता
प्रतियोगिता में जल संरक्षण एवं प्रबंधन में राजकीय उच्च विद्यालय दड़वा का पारस ने प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलाहर के आदित्य ने द्वितीय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सारन की ऋतिका ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलाहर का कुणाल प्रथम, राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भेड़थल की सिमरन द्वितीय और राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कैंप के हेमंत तृतीय रहे। कचरा प्रबंधन व प्लास्टिक के विकल्प विषय में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय साढौरा का स्वयं प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सारन की ऋतिका ने द्वितीय और पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जयधर की रिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सतत कृषि विषय में राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जगाधरी के अर्चित ने पहला, पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जयधर की पूजा शर्मा ने दूसरा और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंटावा की अर्पिता ने तीसरा स्थान पाया। हरित ऊर्जा थीम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंटावा के गुरबीर सिंह प्रथम, शहीद नवीन वैद्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन के ओनिक ने द्वितीय व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दुसानी की उमैरा ने तृतीय स्थान पाया। मनोरंजनात्मक गणित विषय में राजकीय आदर्श संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जगाधरी का सचिन प्रथम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लहरपुर की सावनिक्षा द्वितीय तथा राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय छछरौली की तृषा तृतीय रहीं। उभरती प्रौद्योगिकियां थीम में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अलाहर के जतिन ने प्रथम, शहीद नवीन वैद्य राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मॉडल टाउन के पुनीत कुमार ने द्वितीय और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अंटावा के उर्देव सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
विज्ञान प्रदर्शनी के दौरान मॉडल के बारे जानकारी लेतीं शिक्षिका। संवाद