संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। कई दिन बाद सुबह से निकली धूप ने लोगों को सर्दी से काफी राहत मिली। वहीं शहर में इतना कोहरा तो नहीं छाया, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में हालात गंभीर रहे। घने कोहरे के कारण लोगों को सड़क पर चलना मुश्किल हो गया। इसके साथ मौसम में नमी होने से ठिठुरन बनी रही। विभाग ने शनिवार व रविवार मौसम में बदलाव होने का पूर्वानुमान दिया है।
वीरवार को अन्य दिनों की अपेक्षा मौसम साफ और राहत भरा रहा। सुबह-सुबह खिली धूप ने लोगों को सर्दी से राहत पहुंचाई, वहीं इससे तापमान में वृद्धि भी देखने को मिली। इस दौरान अधिकतम तापमान 21.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान 13 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली।
दिन में धूप के कारण हवा से सर्दी का एहसास नहीं हुआ, लेकिन दिन ढलते ही बर्फीली हवा ने ठिठुरन बढ़ा दी। रात गहराने के साथ ठंड भी बढ़ती गई। हालात ऐसे रहे कि नौ बजे ही बाजार सुनसान नजर आने लगे। कारोबारी भी जल्द ही दुकान बंद कर घर लौट गए। मौसम विभाग के अनुसार अगले सप्ताह से सर्दी में राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान शनिवार व रविवार को मौसम परिवर्तनशील रहेगा। बादल छाने के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी होने की संभावना है।
प्रतापनगर में घने कोहरे से रेंगते रहे वाहन
प्रतापनगर। क्षेत्र में वीरवार को घने कोहरे का सामान्य जन-जीवन पर व्यापक असर रहा। कोहरे के कारण नेशनल हाईवे से गुजरने वाले वाहनों की गति पर लगाम लग गई है। सबसे ज्यादा परेशानी विद्यार्थियों व काम पर जाने वाले लोगों को हुई। आलम यह रहा कि घने कोहरे के कारण विद्यार्थी स्कूल देरी से पहुंचे। ठंड से सर्दी-जुकाम, बुखार और सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि लोग ठंड से बचाव करें, गर्म कपड़े पहनें और अनावश्यक रूप से सुबह-शाम घर से बाहर निकलने से बचें। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कोहरे में वाहन चलाने से बचें और आवश्यक है तो गति धीमी रखे और फॉग लाइट का इस्तेमाल करें। संवाद
प्रतापनगर क्षेत्र में घने कोहरे के बीच नेशनल हाईवे से गुजरते वाहन। संवाद