संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। राजकीय माध्यमिक विद्यालय किशनपुरा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी भाषा, स्वदेशी विचार, स्वदेशी पहनावा एवं स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने के आह्वान के क्रम में रन फॉर स्वदेशी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वदेशी सामान अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम भारत स्काउट एवं गाइड्स के बैनर तले उत्साह और देशभक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। शुभारंभ विद्यालय के मुख्य अध्यापक एवं भारत स्काउट एवं गाइड्स जिला यमुनानगर के संगठन आयुक्त संदीप गुप्ता ने किया। गुप्ता ने कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में स्वदेशी को अपनाए। विदेशी वस्तुओं के अत्यधिक प्रयोग से बचते हुए जब हम स्वदेशी उत्पादों को अपनाएंगे, तभी देश, गांव और समाज आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वदेशी को केवल विचार नहीं, बल्कि अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। विद्यार्थियों को स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग की शपथ भी दिलवाई गई। शपथ ग्रहण के बाद रन फॉर स्वदेशी के अंतर्गत जागरूकता दौड़ एवं रैली का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा स्वदेशी विषय पर सुंदर और संदेशात्मक पेंटिंग्स भी बनाई गईं, जिनके माध्यम से स्वदेशी के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के स्काउट मास्टर संजीव चनालिया, बंसीलाल शास्त्री, दिनेश शर्मा, शशि बाला, रमनदीप कौर, बबली रानी व अन्य उपस्थित रहे।